बागेश्वर। शैक्षिक प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (एनआईईपीए), नई दिल्ली की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में गरुड़ की खंड शिक्षा अधिकारी एवं डायट बागेश्वर की प्राचार्या कमलेश्वरी मेहता को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के अकादमिक भवन में दो और तीन सितंबर को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि एनसीईआरटी के पूर्व निदेशक एवं पद्मश्री प्रो. जेएस राजपूत ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह पुरस्कार विकासखंड और जिले में शैक्षिक प्रशासन में सुधार के लिए किए गए सराहनीय नवाचारों के लिए दिया गया। सम्मेलन में देशभर के 84 जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर शिक्षा प्रशासन में किए जा रहे नवाचारों को साझा करना और प्रोत्साहित करना था। कमलेश्वरी मेहता के प्रयासों से विद्यालयों में बुनियादी ढांचे, शिक्षक क्षमता, तकनीकी उपयोग और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी है। मेहता को पुरस्कार मिलने पर जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे, उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, प्रियंका रानी, तहसीलदार निशा रानी, सीईओ विनय कुमार आर्य समेत राजकीय, प्राथमिक और राजूहा शिक्षक संघ के पदाधिकारियों तथा जिले व विकासखंड के शिक्षकों ने खुशी जताई है।
बीईओ कमलेश्वरी मेहता राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित
RELATED ARTICLES

