Friday, September 4, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डफुलवाड़ी-चीराबगड़ सड़क की स्वीकृति को सांसद ने लिखा पत्र

फुलवाड़ी-चीराबगड़ सड़क की स्वीकृति को सांसद ने लिखा पत्र


बागेश्वर। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित फुलवाड़ी-चीराबगड़ मोटर मार्ग की स्वीकृति का मामला अब सांसद स्तर तक पहुंच गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सड़क की सैद्धांतिक और वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रमुख सचिव, ग्रामीण विकास एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, उत्तराखंड शासन को पत्र लिखा है। सांसद ने पत्र में बताया कि कपकोट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग के किमी सात से फुलवाड़ी-चीराबगड़ तक करीब आठ किमी सड़क का वन संबंधी प्रकरण नोडल अधिकारी, देहरादून के स्तर पर लंबित है। वन संबंधी पत्रावली लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजी गई है और सड़क को वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-चार में प्रस्तावित किया गया है।उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की मांग पूरी नहीं होने के कारण क्षेत्रवासी करीब दो सप्ताह से आंदोलन कर रहे हैं। जनहित को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के बीच समन्वय कर सड़क को सैद्धांतिक एवं वित्तीय स्वीकृति देने के लिए त्वरित कार्रवाई करने और कृत कार्रवाई से अवगत कराने को कहा है।
सड़क स्वीकृति के लिए ग्रामीणों का आंदोलन जारी
कपकोट। जनमिलन केंद्र फुलवाड़ी में सड़क की स्वीकृति को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन जारी है। क्रमिक अनशन पर बालिका देवी और गोपुली देवी बैठीं। आंदोलन स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर अध्यक्ष पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू, संरक्षक चरण सिंह बघरी, सचिव करम सिंह दानू, गजेंद्र सिंह धामी, शेर सिंह दानू, फतेह सिंह, प्रताप सिंह, भवान सिंह, उम्मेद सिंह, रेवती देवी और मोहनी देवी समेत फुलवाड़ी, फुलाचौंरा, थलीधार, खांयीधार और सापुली के ग्रामीण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments