Friday, September 4, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डश्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर अल्मोड़ा कृष्णमय, भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा...

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर अल्मोड़ा कृष्णमय, भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन


अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर माँ नंदा सर्वदलीय महिला समिति के तत्वावधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष और भजनों से भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा का शुभारंभ मुरली मनोहर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा मुख्य बाजार, थाना बाजार और लाला बाजार से होते हुए ऐतिहासिक नंदा देवी मंदिर परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हरे कृष्णा’ के जयघोष करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उल्लास मनाते रहे। शोभायात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे रहे, जिन्होंने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। वहीं उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी यात्रा में देखने को मिली। छोलिया नर्तकों ने पारंपरिक युद्ध नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। समिति की महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। नंदा देवी मंदिर परिसर में शोभायात्रा के समापन के बाद बच्चों ने श्रीकृष्ण भक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कृष्ण गीतों पर नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम का एक अन्य प्रमुख आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही, जिसका लोगों ने बारिश के बावजूद उत्साह के साथ आनंद लिया। समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गीता मेहरा, महापौर अजय वर्मा, मनोज सनवाल, अर्जुन बिष्ट सहित नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments