उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय के जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निर्माणाधीन 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अस्पताल परिसर पहुंचकर ₹2086.11 लाख की लागत से बन रहे क्रिटिकल केयर ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
डीएम ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न अनुभागों, आपातकालीन कक्षों और आईसीयू वार्डों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था ने बताया कि ब्लॉक का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल से जुड़े निर्माण और संचालन में स्वच्छता, सुरक्षा तथा बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
पार्किंग व्यवस्था पर भी फोकस
चिकित्सालय परिसर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्थायी समाधान तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रिटिकल केयर ब्लॉक के पीछे दोपहिया वाहनों की पार्किंग की संभावनाओं पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से क्रिटिकल केयर ब्लॉक के संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कार्मिकों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्लॉक शुरू होने से पहले सभी आवश्यक मानव संसाधन और व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि भवन तैयार होने के बाद मरीजों को सेवाओं के लिए इंतजार न करना पड़े।
अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाएं भी परखी
जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओटी कक्ष, लेबर रूम, चेंजिंग रूम और भर्ती वार्डों समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
अवकाश के दिनों में इमरजेंसी सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने सीएमओ को अतिरिक्त चिकित्सक की तैनाती के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं, शव विच्छेदन कक्ष के मार्ग को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसीएमओ डॉ. बीएस पांगती, सीएमएस डॉ. बीएस रावत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
₹20.86 करोड़ के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का डीएम ने किया निरीक्षण, दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश
RELATED ARTICLES

