देहरादून। राहुल गांधी के कथित जातिवादी बयानों के विरोध में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने सोमवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए उत्तराखंड की सामाजिक संरचना और प्रदेशवासियों की भावनाओं को लेकर भ्रामक प्रचार कर रही है।
घुनियाल ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उत्तराखंडवासियों और भाजपा पर भ्रामक एवं झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं तथा प्रदेश को जातिवादी बताकर देश-दुनिया में बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिक बहुल उत्तराखंड की अपनी विशिष्ट पहचान और गरिमा है। प्रदेश के अनेक वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कथित असत्य बयानों का जवाब देने और उत्तराखंड की अस्मिता एवं गरिमा की रक्षा के लिए सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा एससी मोर्चा ने कांग्रेस से राजनीतिक लाभ के लिए सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले बयानों से बचने की अपील की।
घुनियाल ने कहा कि श्रीराम सेना धर्मार्थ न्यास की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कार्यक्रम के पीछे दलित विरोधी भावना नहीं थी। संस्था के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली में लगाए गए कथित इस्लामिक नारों और कथित हिंदू विरोधी तत्वों की मौजूदगी के विरोध में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए धार्मिक एवं सामाजिक घटनाओं को राजनीतिक विवाद का रूप दे रही है। उन्होंने कांग्रेस से ऐसी राजनीति से ऊपर उठकर उत्तराखंड में भाईचारे, शांति, एकता और सामाजिक सौहार्द मजबूत करने की दिशा में काम करने की अपील की।
राहुल गांधी के बयानों के विरोध में भाजपा एससी मोर्चा का प्रदेशभर में प्रदर्शन, पुतला फूंका
RELATED ARTICLES

