Monday, August 17, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डविकास स्वायत्त सहकारिता की वार्षिक आम सभा आयोजित, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने...

विकास स्वायत्त सहकारिता की वार्षिक आम सभा आयोजित, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश


अल्मोड़ा। विकासखंड लमगड़ा की न्याय पंचायत ढोरा अंतर्गत विकास स्वायत्त सहकारिता की द्वितीय वार्षिक आम सभा सोमवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय पलना में आयोजित हुई। कार्यक्रम में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों और सहकारिता से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य नीतू देवी, ग्राम प्रधान पूजा देवी तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) अनिल जोशी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक मिशन प्रबंधक जितिन धनुष, ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी सुनीता रावत और एनआरएलएम की एरिया कॉर्डिनेटर वैशाली धानक भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक आजीविका समन्वयक हरीश सनवाल ने किया। सहकारिता की अध्यक्षा दीपा देवी, सचिव गंगा देवी और कोषाध्यक्षा दीपा सतवाल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सहकारिता की आय-व्यय, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। मुख्य अतिथि नीतू देवी और पूजा देवी ने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों और सहकारिता के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने तथा सामूहिक उद्यमों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं विभागीय अधिकारियों ने सहकारिता आधारित आजीविका संवर्धन, समूहों के सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को दिए जा रहे सहयोग और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। साथ ही सदस्यों से समूहों और सहकारिता की गतिविधियों में नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर उद्यम एवं अल्ट्रा पुअर श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 120 महिलाओं के अलावा भानू प्रताप सिंह, दीपक सिंह, मनीष अधिकारी, जयंती बिष्ट, गंगा नेगी, आईपीआरपी बबिता आर्या, ममता बागड़वाल तथा सीएलएफ स्टाफ उपस्थित रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments