ऋषिकेश। ऋषिकेश के श्यामपुर में एक गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद गैस एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। कर्मचारियों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पर प्रदर्शन कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस को दिए शिकायत पत्र के अनुसार एसएस इण्डेन गैस एजेंसी छिद्दरवाला का वाहन दैनिक गैस वितरण के लिए गढ़ी श्यामपुर गया था। वाहन पर दो कर्मचारी दिनेश और विनोद तैनात थे। वापसी के दौरान जब वे रास्ते में अदरक खरीदने के लिए रुके तभी पीछे से स्कूटी पर आए संजू निवासी गली नंबर 22 गढ़ी मयचक ने विवाद शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था। उसने पहले ड्राइवर के साथ गाली-गलौज की। दूसरे कर्मचारी विनोद ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो संजू ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से विनोद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विनोद बुरी तरह लहूलुहान हो गया। मारपीट के दौरान दिनेश ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो संजू ने दिनेश के कंधे पर लटका कैश बैग छीनने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर श्यामपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। घायल विनोद को तुरंत अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल कराया गया है। गैस एजेंसी के मैनेजर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी का आचरण पहले से ही अपराधी प्रवृत्ति का रहा है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर डिलीवरी स्टाफ सुरक्षित नहीं रहेगा तो देहरादून की समस्त गैस एजेंसियों को आपूर्ति रोकने पर विचार करना पड़ सकता है क्योंकि इस घटना से बाकी कर्मचारी भी डरे हुए हैं। कोतवाली कैलाश भट्ट का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
श्यामपुर में गैस एजेंसी कर्मचारी पर जानलेवा हमला, कर्मचारियों में रोष
RELATED ARTICLES

