Saturday, October 24, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डकेंद्रीय बजट 2026-27 राष्ट्र निर्माण की दिशा में मजबूत कदम: गणेश जोशी

केंद्रीय बजट 2026-27 राष्ट्र निर्माण की दिशा में मजबूत कदम: गणेश जोशी


अल्मोड़ा। प्रदेश के कृषि, ग्राम्य विकास एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सोमवार से दो दिवसीय कुमाऊँ दौरे पर अल्मोड़ा पहुंचे। दौरे के पहले दिन उन्होंने नगर निगम सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय बजट 2026-27 की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। गणेश जोशी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए देश की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत अनुमानित है, जो खपत और निवेश पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह लगातार चौथा वर्ष है जब भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है, जबकि वैश्विक विकास दर लगभग तीन प्रतिशत के आसपास है। वर्ष 2014 के बाद से पूंजीगत विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिसका प्रभाव इस बजट में भी स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि बजट में कुल पूंजीगत व्यय लगभग 12.2 लाख करोड़ रुपये रखा गया है, जो 2013-14 की तुलना में 430 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। इस अवधि में राष्ट्रीय राजमार्गों, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। मंत्री ने कहा कि निरंतर निवेश से रक्षा क्षमताएं मजबूत हुई हैं और स्वदेशी रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा मिला है। गणेश जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2014 में लगभग 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 2026 में करीब एक लाख 46 हजार किलोमीटर हो गई है। मेट्रो नेटवर्क और हवाई अड्डों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि उड़ान योजना और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी योजनाओं से परिवहन और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। मंत्री ने कहा कि बजट 2026-27 उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए विशेष महत्व रखता है। स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा पर्यटन और पर्यटन ढांचे के विकास से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बजट को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार बताया। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, मेयर अजय वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments