Saturday, October 24, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डबाड़ेछीना–शेराघाट मार्ग पर स्कॉर्पियो खाई में गिरी, दो की मौत, एक घायल

बाड़ेछीना–शेराघाट मार्ग पर स्कॉर्पियो खाई में गिरी, दो की मौत, एक घायल


अल्मोड़ा। बाड़ेछीना–शेराघाट मोटर मार्ग पर कसाणबैंड के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धौलछीना से लगभग छह किलोमीटर आगे शेराघाट की ओर जा रही स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे जा गिरी। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील कुमार बिष्ट पुलिस टीम के साथ आवश्यक उपकरणों सहित घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। स्कॉर्पियो में चालक सहित तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी वाहन की मदद से अल्मोड़ा अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार घायल व्यक्ति की पहचान सिद्धार्थ रॉय, उम्र लगभग 52 वर्ष, पुत्र प्रणब रॉय, निवासी मंगलपुरी, महरौली, नई दिल्ली के रूप में हुई है। हादसे में मृतकों में प्रणब रॉय, उम्र लगभग 75 वर्ष और शुभी रॉय, उम्र लगभग 72 वर्ष, दोनों निवासी उपरोक्त शामिल हैं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments