Monday, October 26, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डभाजपा पार्षदों ने किया पार्किंग का निरीक्षण, निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए...

भाजपा पार्षदों ने किया पार्किंग का निरीक्षण, निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल


अल्मोड़ा। नगर के टैक्सी स्टैंड के समीप निर्मित पार्किंग की स्थिति पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को भाजपा पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने पार्किंग का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर आपत्तियां जताईं। पार्षदों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पार्किंग का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि फर्श से सीमेंट की परतें उखड़ चुकी हैं, फर्श पर सरिया नजर आ रही है और प्लास्टर जगह-जगह से गिरने लगा है। कहा कि निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है और काम में भारी लापरवाही बरती गई है। पार्षदों ने यह भी कहा कि पार्किंग की छत पर शेड की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे वाहन धूप और वर्षा दोनों में खुले में खड़े रहते हैं। वाहनों की सुरक्षा हेतु अग्निशमन उपकरण भी नहीं हैं। इसके साथ ही वर्षा जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां भी पूरी तरह जाम पड़ी हैं। नालियों की सफाई न होने के कारण बरसात के दिनों में पार्किंग में पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाता है, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। पार्षदों ने कहा कि निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पूरे मामले को जिलाधिकारी के समक्ष उठाया जाएगा और एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। पार्षदों का कहना है कि जनता के धन से किए गए निर्माण में लापरवाही अस्वीकार्य है और जिम्मेदारों को जवाबदेह ठहराया जाना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान पार्षद अमित साह, पार्षद अर्जुन बिष्ट, अभिषेक जोशी, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी और कृष्णा सिंह मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments