Monday, October 26, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डबीएससी भवन खोलने की मांग को छात्र नेताओं का धरना

बीएससी भवन खोलने की मांग को छात्र नेताओं का धरना


बागेश्वर। बीडी पांडेय कैंपस में बना बीएससी का भवन 12 साल बाद भी कैंपस को नहीं मिला है। इसे खोलने की मांग को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष समेत एनएसयूआई कार्यकर्ता कैंपस गेट के आगे धरने पर बैठ गए। उन्होंने गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती कार्यक्रम में भाग लेने आए प्रतिभागी गेट के बाहर खड़े रहे। बाद में प्रशासन, पुलिस तथा कैंपस निदेशक के साथ हुई बैठक के बाद छात्र माने। उन्होंने अपना आंदोलन स्थगित किया। छात्र संघ अध्यक्ष सागर जोशी के नेतृत्व में एनएसयूआई से जुड़े छात्र शुक्रवार को कैंपस परिसर में पहुंचे। उन्होंने गेट पर ताला जड़ दिया। इसी कैंपस के मैदान में सरदार बल्लभ भाई की जयंती के कार्यक्रम भी आयोजित थे। गेट बंद होने के कारण कार्यक्रम में जाने वाले प्रतिभागी भी गेट के बाहर खड़े रह गए। छात्र संघ अध्यक्ष जोशी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कैंपस प्रशासन से भवन खोलने की मांग की। तब उन्हें आश्वस्त किया था कि एक सप्ताह के भीतर भवन खोल दिया जाएगा। एक महीना बीत जाने के बाद मांग पूरी नहीं हुई। अब जब तक भवन खुल नहीं जाता वह पीछे नहीं हटेंगे। इसके बाद की जानकारी जब पुलिस प्रशासन को हुई तो एसडीएम प्रियंका रानी, पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल साह व कैंपस निदेशक डॉ. कमल कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। एक घंटे तक उनकी वार्ता होती रही। बाद में सहमति बनी की छह नवंबर को प्रशासन, छात्र संघ और कैंपस प्रशासन के साथ बैठक होगी। भवन हस्तांतरित करने में जो भी दिक्कत आ रही है उसे दूर किया जाएगा। इसके बाद आंदोलनकारी छात्र मान गए। इस मौके पर कमलेश गाड़िया, पंकज कुमार, राहुल कुमार बड़कोटी, प्रेम दानू, नीरज जोशी, पंकज पपोला, रिया कोहली, सोनाली, कैलाश नाथ, राहुल खेतवाल, सचिन पांडे आदि मौजूद रहे।
12 साल पहले बना भवन डिग्री कॉलेज को ही हस्तांतिरत नहीं हुआ था। इसलिए कैंपस को भी भवन नहीं मिल पाया है। छात्रों की मांग जायज है। छह नवंबर को इस मामले को लेकर कैंपस प्रशासन और छात्र नेता बैठक करेंगे। जो भी समस्या होगी उसका समाधान खोजा जाएगा। – डॉ. कमल किशोर, निदेशक बीडी पांडेय कैंपस बागेश्वर
आंदोलित छात्र वार्ता के बाद मान गए हैं। जल्द कैंपस निदेशक व प्रशासन के स्तर से छात्रों के साथ बैठक होगी। उच्च शिक्षा निदेशालय से भी पत्राचार होगा। कार्यदायी संस्था जल निगम को भी बैठक में बुलाया जाएगा। जो भी समस्या भवन हस्तांतरण में आ रही है, उसे दूर किया जाएगा। – प्रियंका रानी, एसडीएम बागेश्वर

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments