Sunday, October 25, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डकैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा


देहरादून। सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज मुख्यमंत्री के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पाबौं विकासखण्ड के आपदा प्रभावित गांवों में जाकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मिलकर अपनी संवदेनाएं व्यक्त कर राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मंत्री डॉ. रावत ने पाबौं ब्लॉक के सर्वाधिक प्रभावित सैंजी, बांकुड़ा, नौठा बाजार व बुरांसी गांव में आपदा से जान-माल के नुकसान पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुये पीड़ितों को पूरी संवेदना के साथ ढ़ांढस बंधाया। पीड़ितों की समस्याओं को सहानुभूति और करुणा के साथ सुनते हुये उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विपदा की इस घड़ी में आपके साथ खड़ी है और सभी जरूरी राहत एवं पुनर्वास कार्यों प्रतिबद्धता के साथ किये जा रहे हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में आवासीय भवन, दुकानें व गौशालाएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं जबकि कई घर व दुकान मलबे में दबे हैं। क्षेत्र की सड़कें, बिजली, पेयजल एवं संचार सेवाएं बाधित हैं। जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश स्थानीय प्रशासन को दे दिये गये हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिये भोजन, चिकित्सा व अन्य आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा है। डॉ. रावत ने कहा कि प्रभावितों का विस्थापन व पुनर्वास सरकार की शीघ्र प्राथमिकता में है, इसके लिये जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी गठित की गई है जो नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजेगी ताकि मुआवजे की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र का भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान से कराया जायेगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से सतर्क रहा जा सके। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में विद्यालयों के सुचारू संचालन के निर्देश भी अधिकारियों को दिये ताकि बच्चों की शिक्षा बाधित न हो। डॉ. रावत ने सीएम धामी का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि वह उत्तरकाशी में डटे हुये थे और वहां से वह सीधे श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और पीडितों का दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में क्षेत्रवासियों के साथ है। इस दौरान जिलाधिकारी पौड़ी स्वाती भदौरिया, एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व क्षेत्रीय जनप्रतिनधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments