Friday, October 23, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डनारद जयंती पर पत्रकारिता के आदर्शों को किया गया नमन

नारद जयंती पर पत्रकारिता के आदर्शों को किया गया नमन


अल्मोड़ा। नारद जयंती के अवसर पर आरएसएस के प्रचार विभाग द्वारा गुरुवार को नगर के एक निजी होटल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में समाज और पत्रकारिता से जुड़े अनेक विशिष्ट जनों ने भागीदारी की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात अतिथियों ने महर्षि नारद को पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रचार प्रमुख राजेंद्र जोशी ने किया, जबकि स्वागत भाषण चंद्र प्रकाश फुलोरिया ने प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि डॉ. ललित चंद्र जोशी ने महर्षि नारद के जीवन दर्शन और पत्रकारिता में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान समय में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पत्रकारिता के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक कमल ने पत्रकारिता में मूल्यों की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार को निष्पक्ष रहकर समाचार को असल रूप में प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने देशहित में पत्रकारिता की भी बात कही। विशिष्ट अतिथि कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने अपने वक्तव्य में पत्रकारिता को जनजागरण का प्रमुख माध्यम बताया और इसे समाज परिवर्तन का सशक्त साधन कहा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के मूल्यों को बचाने की जिम्मेदारी पत्रकारों के कन्धों पर है। कुलपति प्रो बिष्ट ने गोष्ठी में उपस्थित छात्रों से विभिन्न पत्र पत्रिकाओं से सीख लेने की बात भी कही। समारोह की अध्यक्षता कर रहे नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा ने पत्रकारिता की जिम्मेदारियों और समाज में उसकी भूमिका पर विचार रखे। कार्यक्रम का समापन रूप सिंह बिष्ट के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह में दीपक गुरुरानी, लक्ष्मण सिंह भोज, जसोद सिंह, मनीष तिवारी, हरीश त्रिपाठी, जिला प्रचारक आशुतोष सहित प्रचार विभाग और संघ के विभिन्न दायित्वों में कार्यरत कार्यकर्ताओं, अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments