Wednesday, October 21, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमतगणना कार्मिकों को अन्तिम प्रशिक्षण दिया

मतगणना कार्मिकों को अन्तिम प्रशिक्षण दिया


चमोली। नगर निकाय चुनाव मतगणना को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को पीजी कालेज जिम हॉल में मतगणना कार्मिकों को अन्तिम प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें रिजर्व सहित 46 मतगणना पर्यवेक्षक व 138 मतगणना सहायक शामिल रहे। मतगणना के लिए 35 टेबल लगाई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक तथा तीन मतगणना सहायक रहेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप तिवारी ने सभी मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। कहा कि यह चुनाव प्रक्रिया का अन्तिम एवं सबसे महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने मतगणना कार्मिकों को संयम व बड़े ध्यान से पूरी मतगणना प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारम्भ होगी और सभी कार्मिक समय पर मतगणना स्थल में पहुंचना सुनिश्चित करेंगे।
सहायक नोडल प्रशिक्षण आनन्द सिंह ने सभी कार्मिकों को मतगणना के दिन अध्यक्षों एवं सदस्यों के मत पत्रों को अलग अलग करने तथा वैध और अवैध मतों की विस्तार से जानकारी दी। बताया कि मतगणना के दिन सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब सभी टेबलों पर पहले चरण की गणना पूर्ण होगी तभी दूसरा चरण प्रारम्भ किया जाएगा।
इस दौरान मास्टर ट्रेनर मनोज तिवारी, एपी डिमरी, केसी पंत, खीम सिंह कंडारी ने कार्मिकों को मतपेटी खोलने, मतपत्रों को कैंडीडा वाइज अलग अलग करने व मतपत्र लेखा प्रारूप 19 के साथ मतपत्रों के मिलान करने की जानकारी दी। इस दौरान मतपेटी खोलने का डेमो भी दिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments