Wednesday, October 21, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डबाजपुर लघु भारत है, यहां विकास की गारंटी मेरी : सीएम

बाजपुर लघु भारत है, यहां विकास की गारंटी मेरी : सीएम


काशीपुर। बाजपुर लघु भारत है, यहां भाजपा को जिताओ विकास की गारंटी मेरी है। रविवार को यह अपील मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने रोडशो के दौरान कही। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गौरव शर्मा के पक्ष में रोड शो निकाला। मुख्यमंत्री धामी ने आने वाली 23 जनवरी को फूल के सामने मुहर लगाने की अपील की। इससे पहले मुख्यमंत्री तय समय से 1 बजे चीनी मिल स्थित मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरे। उसके बाद स्टेशन के सामने रोड शो की शुरुआत हुई। रोड शो के बीच में ही सीएम पुष्कर धामी गुरूद्वारा साहिब पहुंचे। जहां पर उन्होंने गुरुग्रंथ साहिब के सामने श्रद्धापूर्वक माथा टेका। यहां पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने मुख्यमंत्री को सरोपा व तलवार भेंटकर उनको सम्मानित किया। वहीं इसके बाद सीएम का रोड शो भगत सिंह चौक पर पहुंचा। यहां पर कार्यकर्ताओं ने सीएम को गदा दी और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। सीएम धामी ने कहा कि ये क्षेत्र मेरा परिवार है और मैं परिवार के बीच आया हूं। कहा कि मैं चाहता हूं क्षेत्रवासी इस बार भाजपा को यहां से जिताकर डबल इंजन की सरकार बनाएं। लंबे समय से यहां कांग्रेस को आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि आप भाजपा के प्रत्याशी को विजय दिलाएं और विकास की गारंटी मेरी है। कहा कि यहां अगर फिर कांग्रेस प्रत्याशी जीता तो वो कहेगा कि सरकार मेरी नहीं है विकास कैसे करूं। बताया कि लेवड़ा नदी की बाढ़ की समस्या को दूर करने को सरकार प्रयासरत है, इसके बजट को स्वीकृति दे दी है। कहा कि ये शहर लघु भारत है ऐसे में राज्य सरकार व केंद्र सरकार की विकास योजनाएं यहां पर आएं, ऐसा प्रयास किया जा रहा है। कहा कि आप यहां कमल खिलाओ हम गुलदस्ता बनाएंगे।
यहां सांसद अजय भट्ट, पूर्व सांसद बलराज पासी, गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, राजेश कुमार, प्रत्याशी गौरव शर्मा, यशपाल राजहंस, कमल भट्ट, गोपाल रावत, उमा जोशी, कुसुम सैनी, ललित कोछड़ वायटी, अमित चौहान, आशीष ठाकुर, रेशम यादव आदि रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments