Wednesday, October 21, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डदेवप्रयाग में श्रद्धालुओं ने श्रीरघुनाथ की पूजा की

देवप्रयाग में श्रद्धालुओं ने श्रीरघुनाथ की पूजा की


नई टिहरी। नववर्ष के अवसर पर तीर्थवासियों ने पौष माह की भगवान श्री रघुनाथ की महापूजा में भाग लेकर सुख समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मन्दिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बुधवार को नये वर्ष की शुरुआत पर बदरीनाथ धाम तीर्थपुरोहित समाज ने विश्व सहित देश प्रदेश में सुख शांति के लिए महापूजा में भगवान की स्तुतियों का गायन किया। कड़ाके की ठंड व कोहरे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री रघुनाथ मन्दिर में पहुंचे। भारी भीड़ के चलते काफी लोगों ने खुले प्रांगण में ही महापूजा का गायन किया। तीर्थ पुरोहित समाज सैकडो वर्षों से भगवान रघुनाथ को समर्पित महापूजा पूरे पौष माह में करता आया है। महापूजा में भगवान् श्रीराम की बाल लीलाओं सहित उनकी महिमा के लयबद्ध भजनों का भावमय गायन होता है। जय राम जी की जय जय मंगल आरती, जो कोई रामजी की आरति गावे, बसि वैकुंठ बहुरी नहीं आवै सहित कौशल्या प्यारे राम को, नित गोद खिलावे भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पुजारी पं. कमल चौबे ने श्री रघुनाथ जी का हरे वस्त्रों से विशेष श्रृंगार किया। नव वर्ष पर युवा, बुजुर्ग, महिलाओं की भीड़ यहां उमड़ी। महापूजा के बाद चरणामृत व खिचड़ी भोग के लिए यहां होड़ बनी रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments