Sunday, November 29, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डमसूरी में सीवर लाइन लीकेज की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान...

मसूरी में सीवर लाइन लीकेज की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान : गणेश जोशी


देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था एवं विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइन में हो रही लीकेज की समस्याओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को अवगत कराया कि मसूरी में कुल पांच एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिनमें से दो एसटीपी का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। एक एसटीपी का कनेक्शन किया जाना शेष है, जबकि शेष दो एसटीपी का निर्माण कार्य गतिमान है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के जिन-जिन क्षेत्रों में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है अथवा लीकेज की समस्या बनी हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत एवं सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सीवर लीकेज के कारण आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न न हों इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पेयजल और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं आमजन के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए इनसे संबंधित शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन एसटीपी के कार्यों में तेजी लाई जाए और जिन एसटीपी का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें आवश्यक कनेक्टिविटी के साथ शीघ्र संचालित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर पेयजल एवं सीवर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जलसंस्थान के अधीक्षण अभियंता संजय सिंह, अधिशासी अभियंता मोनिका वर्मा, जलनिगम के अधीक्षण अभियंता आरके जैन, अधिशासी अभियंता सतेन्द्र पुंडीर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments