देहरादून। देहरादून में 17 एवं 18 नवंबर को हिमालयी शहरों में जल सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय ‘पर्वत मंथन कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव में हिमालयी क्षेत्रों की भौगोलिक एवं पारिस्थितिक परिस्थितियों के अनुरूप जलवायु-अनुकूल और आपदा-सहिष्णु शहरी विकास की रणनीतियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उत्तराखंड शासन के शहरी विकास सचिव नितेश कुमार झा, शहरी विकास निदेशक विनोद गोस्वामी, पर्यावरण मंत्रालय की संयुक्त सचिव नमीता प्रसाद सहित विभिन्न विशेषज्ञों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। नेपाल, भूटान और अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र के प्रतिनिधियों की सहभागिता ने कॉन्क्लेव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। विभिन्न सत्रों में जल एवं सीवरेज प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और नगर निकायों के वित्तीय सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। विशेषज्ञों ने पर्वतीय शहरों की संवेदनशील पारिस्थितिकी को ध्यान में रखते हुए प्रकृति आधारित समाधानों और विकेंद्रीकृत प्रबंधन प्रणालियों को अपनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उत्तराखंड के लिए उपलब्धि के रूप में नगर पंचायत लालकुआं को ‘अर्बन लर्नथॉन 2.0’ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सम्मानित किया।कॉन्क्लेव के तहत प्रतिभागियों ने मोथरोवाला स्थित 11 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और हर्रावाला स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) का भ्रमण कर सीवेज उपचार एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।कॉन्क्लेव का उद्देश्य हिमालयी शहरों में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए सतत एवं समावेशी विकास को बढ़ावा देना तथा जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करना रहा। साथ ही विभिन्न राज्यों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के बीच तकनीकी ज्ञान एवं अनुभव साझा कर दीर्घकालिक समाधान विकसित करने पर बल दिया गया।
देहरादून में दो दिवसीय ‘पर्वत मंथन कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन, हिमालयी शहरों के सतत विकास पर हुआ मंथन
RELATED ARTICLES
