अल्मोड़ा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) अल्मोड़ा में शनिवार को विद्यालय सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीआरएफ टीम सरियापानी ने प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की जानकारी देने के साथ ही विभिन्न बचाव तकनीकों का व्यवहारिक अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना, विद्यालय आपदा प्रबंधन समिति की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में भी बताया गया। एसडीआरएफ टीम ने अग्नि सुरक्षा और आग से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर और एफबीएओ का प्रशिक्षण दिया। उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए वैकल्पिक तरीके से स्ट्रेचर तैयार करने का व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों, शिक्षकों और विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ विद्यालयों को सुरक्षित, संरक्षित और आपदा-प्रतिरोधी बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को इस तरह तैयार करने पर जोर दिया गया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में समय रहते प्रभावी कदम उठाकर जान-माल की हानि को कम किया जा सके।
डाइट में एसडीआरएफ ने शिक्षकों को दिया आपदा प्रबंधन और बचाव का व्यवहारिक प्रशिक्षण
RELATED ARTICLES
