अल्मोड़ा। श्री भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति कर्नाटक खोला की रामलीला के दसवें दिन अधर्म पर धर्म की विजय का भव्य मंचन किया गया। भगवान राम के हाथों रावण वध के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। रावण विलाप, सुलोचना सती, रावण-अहिरावण संवाद, हनुमान-मकरध्वज संवाद, अहिरावण वध और राम-रावण युद्ध के प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक दर्शक दीर्घा में मौजूद लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। रामलीला के दौरान कलाकारों के प्रभावशाली संवाद और जीवंत अभिनय ने दर्शकों को रोमांचित किया। रामलीला का ऑनलाइन प्रसारण भी किया गया, जिससे देश-विदेश में मौजूद श्रद्धालु घर बैठे इसका आनंद ले सके। राम की भूमिका कोमल जोशी, लक्ष्मण की गायत्री तिवारी, हनुमान की अनिल रावत, रावण की बिट्टू कर्नाटक, मंदोदरी की मीनाक्षी जोशी, सुलोचना की दिव्या जोशी, अहिरावण की मनीष तिवारी, मकरध्वज की राहुल जोशी, विभीषण की गीतांजलि पांडे, सुग्रीव की करन कुमार और अंगद की कृष्णा जलाल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन भावना मल्होत्रा ने किया। इस अवसर पर हिमांशु बिष्ट, उमेश सिंह बिष्ट, राहुल नेगी, दीपक कर्नाटक, कमलेश पांडे सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
अधर्म पर हुई धर्म की जीत, राम ने किया रावण का वध
RELATED ARTICLES
