देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। सड़क सुधार कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पांडेय शनिवार सुबह छह बजे ही अधिकारियों के साथ निरीक्षण पर निकल पड़े। उन्होंने देहरादून के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों की स्थिति और गड्ढा भरान कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे किए जाएं।
शासन ने प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। इसी क्रम में सचिव ने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने और लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी गंभीरता से काम करने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि सड़कों की स्थिति सुधारने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण की शुरुआत कालीदास रोड टर्न से हुई। इसके बाद सचिव ने कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड और गढ़ी कैंट समेत शहर के प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सचिव ने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। जिन स्थानों पर सड़क सुधार की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जाए। इसका उद्देश्य न केवल आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी बेहतर बनाना है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रदेशभर में सड़क सुधार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में विभागीय स्तर पर कार्यों की निगरानी की जा रही है, ताकि तय समय में लक्ष्य हासिल किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह और अरुण पांडेय, अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी सहित अभियंता प्रवीण कुश, दीपक, सुरेश तोमर, विपुल सैमी और संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे
गड्ढामुक्त सड़कों के लिए तड़के छह बजे मैदान में उतरे सचिव पीसीएस पांडेय
RELATED ARTICLES
