Wednesday, October 14, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डपाबौ क्षेत्र को ₹16.18 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

पाबौ क्षेत्र को ₹16.18 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात


  • पौड़ी। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने आज पाबौ विकासखंड के सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर एवं नौठा क्षेत्र में ₹16 करोड़ 18 लाख 10 हजार की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन योजनाओं में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, संपर्क मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स तथा पौराणिक मंदिरों के स्थल विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
    इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बसे गांवों तक पहुंचाना और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार का संकल्प है।
    सात किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग का होगा निर्माण
    क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन व शिलान्यास किया गया। लगभग सात किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण पर ₹9 करोड़ 36 लाख 96 हजार की धनराशि खर्च की जाएगी। इसके अतिरिक्त ₹96 लाख 13 हजार की लागत से सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
    इन सड़क परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क सुविधा के विस्तार तथा स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
    राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में बढ़ेंगी शैक्षणिक सुविधाएं
    शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में ₹23 लाख 80 हजार की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। वहीं, बुरांसी मुख्य मार्ग से विद्यालय तक ₹8 लाख 21 हजार की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण किया।
    विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनका स्वागत किया। अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
    सड़क सुधारीकरण पर ₹5.50 करोड़ खर्च
    क्षेत्र में सड़क संपर्क एवं आवागमन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सैंजी-चौलसैंण, राजकीय इंटर कॉलेज तथा चपलौड़ी-फलदाड़ी सड़क से संबंधित इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं सड़क सुधारीकरण कार्यों को भी गति दी गई। इन कार्यों की कुल लागत ₹5 करोड़ 50 लाख बताई गई है।
    पौराणिक मंदिरों के विकास से सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा प्रोत्साहन
    क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से बुरांसी गांव स्थित पातुल्या पौराणिक मंदिर के स्थल विकास कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास के लिए ₹3 लाख की लागत वाले कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
    इन कार्यों से स्थानीय आस्था से जुड़े धार्मिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देने तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
    महिला मंगल दलों को किया प्रोत्साहित
    क्षेत्र भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने फलद्वाड़ी, सैंजी, बुरांसी, बड़ैथ एवं पैलार के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक आयोजनों को बढ़ावा देना है।
    इस अवसर पर पाबौ मंडल अध्यक्ष विमल सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख पाबौ प्रतिनिधि विनोद नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीमती रजनी रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र भंडारी, विधायक प्रतिनिधि गुलाब सिंह बिष्ट सहित संबंधित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments