देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र के बसंत कुंज में मकान का ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में शानू (32) पुत्र खुर्शीद अहमद, निवासी मुस्लिम बस्ती शास्त्रीनगर खाला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत ज्वैलरी बरामद कर ली गई।पुलिस के अनुसार, छह अक्टूबर को अमित कुमार क्षेत्री निवासी बसंत कुंज ने थाना बसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी कि निजी काम से बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर ज्वैलरी चोरी कर ली। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने छह अक्टूबर की रात मालिक चौक से आगे शास्त्रीनगर खाला पुलिया के पास घेराबंदी कर शानू को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मकान की रेकी की थी। मौका मिलने पर ताला तोड़कर चोरी की और ज्वैलरी बेचने के लिए बाहर निकलने की तैयारी में था।
बरामद ज्वैलरी में मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, झुमके और टॉप्स शामिल हैं। पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर और बसंत विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत वर्ष 2020, 2024 और 2026 में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की घटना से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
बसंत विहार में नकबजनी का खुलासा, आठ लाख की ज्वैलरी बरामद
RELATED ARTICLES
