Wednesday, September 30, 2026
Homeहोमउत्तराखण्डभाजपा ने चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण को बताया विपक्ष के सवालों का...

भाजपा ने चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण को बताया विपक्ष के सवालों का जवाब


अल्मोड़ा। नगर पालिका सभागार में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर अजय वर्मा ने चुनाव आयोग के हालिया संयुक्त बयान का हवाला देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), फॉर्म-6 और अन्य निर्वाचन प्रक्रियाओं को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम की स्थिति स्पष्ट हो गई है। अजय वर्मा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में एसआईआर सहित प्रमुख निर्णयों को आयोग की सर्वसम्मति से लिया गया बताया गया है। उन्होंने कहा कि 24 जून 2025 के मूल आदेश से लेकर विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रक्रिया की समय-सारणी तक निर्णय आयोग की सहमति से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को एसआईआर से जोड़कर उठाए गए सवालों पर भी आयोग ने स्थिति स्पष्ट की है। उनके अनुसार यह पत्र किसी नीतिगत निर्णय से संबंधित नहीं, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए अधिकारी से जुड़े प्रशासनिक मामले तक सीमित था। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर राजनीतिक दलों को आधिकारिक तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। महापौर ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना है और इसके लिए विशेष शिविर तथा बूथ स्तर के अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, जिला मीडिया संयोजक मनीष जोशी और सभासद कैलाश गुरुरानी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments