देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से बिजली का तार चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चार किलो से अधिक बिजली का तार और तार काटने में इस्तेमाल किया गया वायर कटर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को सृष्टि विहार लेन नंबर-1 निवासी रागिनी देवी पत्नी देवेंद्र सिंह रावत ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर बताया था कि उनके निर्माणाधीन मकान से रात के समय अज्ञात व्यक्ति बिजली का तार चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 401/2026 धारा 303 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया। घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ ही आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 27 सितंबर को दीपनगर रेलवे पुल के पास चेकिंग के दौरान मो. कमाल उर्फ कमाल पुत्र मो. मुबारक, निवासी दीपनगर अजबपुर कलां, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। उसकी उम्र 27 वर्ष बताई गई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया बिजली का तार और तार काटने के लिए इस्तेमाल किया गया वायर कटर बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद बिजली का तार उसने सृष्टि विहार स्थित एक निर्माणाधीन मकान से चोरी किया था। आरोपी के अनुसार चोरी किए गए कुछ तार को उसने बंजारावाला क्षेत्र में एक फेरी वाले को 1500 रुपये में बेच दिया था, जबकि बाकी तार को वह किसी कबाड़ी को बेचने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में आर्म्स एक्ट, वर्ष 2021 में आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित दो मामले, वर्ष 2022 में चोरी का एक मामला तथा वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक इन मामलों में आरोपी पूर्व में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, चौकी प्रभारी बाईपास, कांस्टेबल हितेश कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी और कांस्टेबल विक्रम बंगारी शामिल रहे।
निर्माणाधीन मकान से बिजली का तार चोरी, आरोपी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES

