देहरादून। मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के चलते पर्यटकों ने पहाड़ की शांत वादियों की ओर से रुख करना शुरू कर दिया है, लेकिन दून पहुंचने पर उनको मुसीबतें झेलनी पड़ रही हैं। मसूरी के लिए समय पर रोडवेज की बसें नहीं मिल पा रही हैं। घंटों बस का इंतजार करना पड़ रहा है।
मसूरी के लिए रोडवेज बसों का संचालन रेलवे स्टेशन स्थित अड्डे से होता है। पिछले कुछ दिनों से मूसरी के लिए पर्यटकों का दबाव बढ़ता जा रहा है। यहां काउंटर पर टिकट बनाने के लिए लाइनें लग रही हैं। रोडवेज के पास बसों का अभाव है, जो बसें हैं भी उनमें कई खराब हैं और पार्ट्स के अभाव में कार्यशालाओं में खड़ी हैं।
कुछ पहाड़ी रूट की बसें मैदानी रूटों पर चल रही हैं। इसका खामियाजा पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। बस अड्डे पर घंटों तक बस का इंतजार करना पड़ रहा है। रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक (संचालन) संजय गुप्ता कहना है कि पर्यटक की संख्या बढ़ रही है। उनकी सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी के लिए बसों के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यटकों से गुलजार होने लगा सहस्रधारा
देहरादून। दून के आसपास के पर्यटक स्थल पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं। रविवार को सहस्रधारा को खूब रौनक दिखाई दी। यहां पर्यटकों ने सहस्रधारा में अठखेलियां खेलीं। ट्रॉली का लुत्फ भी लिया। पर्यटकों की भीड़ के चलते बाजार में जाम भी लगने लगा है, जिस कारण पर्यटकों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। स्थानीय व्यापारी अनिल नेगी ने बताया कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, पर्यटकों की संख्या भी बढ़ रही है। आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है।