उत्तरकाशी में आतंक मचाने वाला गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुष्टि हुई है कि पिछले दिनों पहले इसी गुलदार ने महिला को अपना शिकार बनाया था।
उत्तरकाशी के कई क्षेत्रों में गुलदार ने आतंक मचाया हुआ था। जिसके कारण स्थानीय लोगों का अपने घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया था। शुक्रवार को उत्तरकाशी के विकास खण्ड चिन्यालीसौड़ के मणी गमरी क्षेत्र में एक गुलदार पिंजरे में कैद हुआ है। वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुष्टि हुई है कि ये वही गुलदार है जिसने खेत में घास लेने गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता देवी को अपना शिकार बनाया था।
बता दें गुलदार सुनीता देवी के साथ-साथ क्षेत्र के कई पालतू पशुओं को भी अपना शिकार बना चुका था। जिसके कारण वन विभाग ने इस इलाके में कई समय से पिंजरा लगाया हुआ था।
गुलदार के आतंक के चलते शिक्षा विभाग की ओर से विकासखंड के गुलदार से प्रभावित गांवों के छात्र-छात्राओं को अग्रिम आदेशों तक स्कूल नहीं आने के भी आदेश जारी किए गए थे। बता दें गुलदार की दहशत से छोटी मणी, बड़ी मणी, कुमराड़ा, बल्डोगी, भल्ड गांव, खालसी, गढ़वाल गाड़ और माड़ गांव प्रभावित थे।