उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेशभर में चटख धूप खिल रही है। पहाड़ों में पाला और मैदानों में कोहरा दुश्वारियां बढ़ाने लगा है।
बदरीनाथ हाईवे पर भारी मलबा आया
वहीं शुक्रवार को सुबह करीब आठ बजे चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे पर भारी मलबा आ गया, जिससे हाईवे बाधित हो गया है। चमोली के पास छिनका में भूस्खलन से हाईवे बाधित हो गया है। मलबा साफ करने का काम जारी है। दोनों ओर वाहनों की कतार लगी है।
मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर को लेकर चेतावनी
ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। पारा भी सामान्य के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है। ऊधमसिंह नगर समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर को लेकर चेतावनी दी गई है।
अब तेजी से लुढ़कने लगा है पारा
प्रदेश में बीते करीब डेढ़ माह से वर्षा नहीं हुई है, जिससे वातावरण में नमी बेहद कम है और कई दिनों से तापमान सामान्य से अधिक चल रहा था। हालांकि, अब पारा तेजी से लुढ़कने लगा है, जिससे कंपकंपी बढ़ गई है।
ठंड में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद
खासकर मैदानों में शीत का प्रकोप बढ़ने लगा है। अगले कुछ दिनों में ठंड में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच न्यूनतम तापमान गिरने लगा है। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी है।
पहाड़ों में पाला और मैदानों में कोहरा कर सकता है परेशान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों में पाला और मैदानों में कोहरा परेशान कर सकता है। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर की आशंका है।
पछवादून में अलाव की शुरुआत, ठंड से हुआ बचाव
प्रशासन ने देहरादून जिले के पछवादून में अलाव जलाने की गुरुवार को शुरुआत कर दी। अलाव से कालसी, विकासनगर, हरबर्टपुर व सेलाकुई में व्यापारियों, बेघरों आदि को ठंड से राहत मिली है।
पछवादून क्षेत्र में लंबे समय से अलाव की शुरुआत किए जाने की मांग की जा रही थी, क्योंकि सूखी ठंड के कारण लोग कांप रहे हैं, खासकर उन व्यक्तियों को ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं, जो फुटपाथ पर सोते हैं, श्रमिक हैं और काम के सिलसिले में सेलाकुई आदि औद्योगिक क्षेत्रों में आते हैं।
सेलाकुई में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी बीएल आर्य ने एक दर्जन स्थानों पर अलाव की शुरुआत कराई। नगर पालिका विकासनगर में पालिकाध्यक्ष शांति जुंवाठा व इओ बद्री प्रसाद भटट ने अलाव की शुरुआत कराई। पूरे बाजार क्षेत्रों में अलाव जलाने से व्यापारियों व अन्य व्यक्तियों को राहत मिली है।
कालसी में उपजिलाधिकारी सौरभ असवाल ने अलाव जलवाए और ठंड के प्रकोप को देखते हुए तहसील प्रशासन ने कंबल बांटे। तहसील प्रशासन ने चकराता व लाखामंडल में अलाव जलवाए और क्वानू, साहिया व कालसी में जरूरतमंदों को कंबल बांटे।इसके साथ ही उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने गुरुवार को शाम के समय कालसी बाजार में अलाव जलवाया और चिह्नित स्थानों पर जाकर अलाव का जायजा लिया। उप जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से भी अलाव के संबंध में बात की। इस अवसर पर तहसीलदार मुकेश चंद रमोला, कांनूनगो अनिल कुकरेती, पटवारी नागचंद, जिया लाल शर्मा आदि उपस्थित रहे।