त्योहरी सीजन पर बस और टैक्सियों के लिए मारामारी रही। यात्रियों को सीटें नहीं मिल पाई। घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ा। रोडवेज ने हालांकि, कई रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए, लेकिन यात्रियों के भीड़ के आगे बसों की कमी पूरी नहीं हो पाई। जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ी।आईएसबीटी से गढ़वाल और कुमाऊं के साथ ही बाहरी राज्यों के लिए भी बसें चलती हैं। यहां सुबह से भी यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। भीड़ के चलते अधिकांश बसें सुबह 11 बजे तक रवाना हो गई थी। इसके बाद यहां बहुत बसें खड़ी थी। दिल्ली, सहारनपुर, मुरादाबाद, कानपुर, आगरा, लखनऊ के साथ ही कुमाऊं के लिए भी बसें नहीं मिल पाई।
दोपहर तक बस स्टेशन यात्रियों की भीड़ से खचाखच भर गया था। जैसे ही बस काउंटर लग रही थी, उसमें बैठने के लिए मारामारी हो रही थी। एक-दूसरे से पहले बस में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की होती दिखी। लोकल रूट ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की और सहारनपुर के लिए भी खूब भीड़ रही। आईएसबीटी पर तैनात रोडवेज के कर्मचारी नेता अशोक चौधरी ने बताया कि त्योहारी सीजन पर भीड़ होती है। सिर्फ देहरादून से ही नहीं, दिल्ली से आने वाली बसें भी पैक होकर आ रही हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के प्रयास किए जा रहे हैं। कई रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए। इधर, रिस्पना टैक्सी स्टैंड पर भी पहाड़ जाने वाले यात्रियों की भीड़ रही। टैक्सियों के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
दून की ट्रेनें भी पैक होकर चलीं
दून आने और यहां से जाने वाली ट्रेनें भी पैक होकर चलीं। लंबी दूरी ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ है। इनमें लंबी वेटिंग चल रही हैं। यात्रियों को अब सीटें नहीं मिल पा रही हैं। स्टेशन अधीक्षक शशांक शर्मा ने बताया कि त्योहरी सीजन पर सभी ट्रेनें फुल हैं। दो स्टेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, वह भी फुल हो चुकी हैं।